Chintpurni, Vikas Sharma
मंगलवार देर शाम चिंतपूर्णी थाना पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी जयराम शर्मा ने किया, जिसमें पुलिस टीम ने क्षेत्र के होटल, सराय, ढाबों और गेस्ट हाउसों में जाकर यात्री पंजीकरण रजिस्टरों की गहन जांच की।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान होटल मालिकों और प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए कि वे बिना वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दें। साथ ही, यात्रियों के आईडी प्रूफ की फोटोकॉपी अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की पहचान आसानी से की जा सके।
थाना प्रभारी शर्मा ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।पुलिस ने सभी होटल, धर्मशालाओं और लॉज संचालकों को चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों से भी अपील की गई कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।इस अभियान से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस का यह प्रयास यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।