गुरुग्राम | साइबर सिटी गुरुग्राम में नगर निगम सदन की बैठक मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा और नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया भी मौजूद रहे। इस दौरान कुल 40 एजेंडों पर चर्चा की गई, जिनमें मुख्य रूप से शहर की सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य, खेल-कूद और नागरिक सुविधाओं के सुधार से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
बैठक में सफाई कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए कदम उठाने का निर्णय लिया गया। निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी और स्वैपिंग मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
पलड़ा गांव में पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) बनाने के लिए हेल्थ डिपार्टमेंट को जमीन आवंटित करने का रेजोल्यूशन पास किया गया, जिससे गांववासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
डूंडाहेड़ा गांव में बढ़ती आबादी को देखते हुए नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सीवर सिस्टम सुधार पर भी चर्चा हुई। कमिश्नर ने बताया कि ग्रैप 3 लागू होने के बाद 90 दिन का स्पेशल अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर में जगह-जगह पड़ी मिट्टी को हटाया जा सके और सफाई को बढ़ावा दिया जा सके।
नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए 750 नई गाड़ियां लगाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही, बंधवाड़ी के विकास के लिए दिसंबर के पहले हफ्ते में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि नगर निगम पार्षदों की मांगों और शहरवासियों की जरूरतों के अनुसार शहर में विकास कार्य लगातार कर रहा है।