Rampur, 13 November
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर–2025 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या आज लवी मैदान में हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि लवी मेला न केवल व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हिमाचल की लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि यह मेला सदियों पुरानी परंपराओं को जीवंत रखे हुए है और प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।कार्यक्रम के दौरान मेला कमेटी के सचिव एवं उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि नन्द लाल जी को पारंपरिक टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा तथा बोर्ड ऑफ मेंबर डायरेक्ट टूरिज्म यशपाल सोनी को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बीरबल किन्नौरा, रमना भारती, इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा, डिम्पल ठाकुर और पाल सिंह ने एक से बढ़कर एक गीतों और लोकधुनों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन जीत लिया। उनके लोकगायन और नृत्य ने लवी मैदान में मौजूद दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों और कलाकारों ने भी अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक गीतों, नाट्य रूपांतरणों और लोकनृत्यों के माध्यम से हिमाचली संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। इससे पूर्व रामपुर पब्लिक स्कूल, लिटल फ्लावर पब्लिक स्कूल, सनशाइन पब्लिक स्कूल, राष्ट्रीय डांस एकेडमी दत्तनगर, कमला मेमोरियल पब्लिक स्कूल डाकोलर और देव भूमि पब्लिक स्कूल के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।कार्यक्रम में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष मुस्कान नेगी, पार्टी पदाधिकारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, राजेश, एडवोकेट डी.डी. कश्यप, राजेश भाटिया, सुदेश केट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।