गुरुग्राम | गुरुग्राम में उस समय सनसनी फैल गई, जब सेक्टर-7 एक्सटेंशन के पास कूड़े के ढेर में एक युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। कूड़ा फेंकने पहुंचे एक व्यक्ति ने शव देखकर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। न्यू कॉलोनी और सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पहचान हुई बिहार निवासी कमोद कापर के रूप में
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतक युवक के सिर को भारी पत्थर से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। काफी प्रयास के बाद शव की पहचान बिहार निवासी कमोद कापर के रूप में हुई, जो दिल्ली में रहता था। करीब 10 दिन पहले वह गुड़गांव के ज्योति पार्क स्थित अपने भाई के घर आया था।
नशा करने की लत और शराब ठेके के पास विवाद की आशंका
स्थानीय सूत्रों के अनुसार कमोद कापर नशा करने का आदी था। आशंका है कि बीती रात वह शराब ठेके के पास मौजूद था, जहां किसी व्यक्ति के साथ उसने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उसकी सिर पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह मिली सूचना, जुटाए गए सभी साक्ष्य
मामले की जानकारी मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस ने मौके से सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
- पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है।
- डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाकर सर्च कराया गया।
- शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जल्द होगा खुलासा: पुलिस
एसीपी विष्णु दयाल ने कहा कि युवक की हत्या सिर कुचलकर की गई है और प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान हुए विवाद की आशंका जताई गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।