नांगल चौधरी I सिरोही बहाली टोल प्लाज़ा पर रविवार देर रात बोलेरो सवार युवकों ने भारी तोड़फोड़ कर सनसनी फैला दी। हमलावरों ने करीब 10 टोल बूथों के शीशे चकनाचूर कर दिए और कंप्यूटर सिस्टम व अन्य उपकरणों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया।
टोल प्रबंधन के अनुसार, इस घटना में 10 से 15 लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अचानक हुए हमले से कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ पड़े, जिससे टोल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का निरीक्षण किया। टोल प्रबंधन ने औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।