बटाला | पंजाब पुलिस ने एक बार फिर गैंगस्टर अपराध नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित अपराधी को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मामला बटाला के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में हुए दीप चीमा हत्याकांड से जुड़ा है, जिसमें दो आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं, जबकि तीन अन्य की पहचान की जा चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी मानिक की तलाश तेज की। बताया जा रहा है कि मानिक मोटरसाइकिल पर गांव कोहलियां से बटाला की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे रोकने के लिए घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें मानिक घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मानिक कथित रूप से कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा हुआ है और मामले में उसकी भूमिका की गहन जांच जारी है।