जयपुर। राजस्थान सरकार के मंत्री सुरेश रावत के सरकारी आवास में तेंदुआ घुसने से गुरुवार सुबह सिविल लाइंस क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। हाई-सिक्योरिटी जोन में तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है।
कैसे सामने आई घटना
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ पहले सिविल लाइंस स्थित एक स्कूल के पास देखा गया और इसके बाद वह मंत्री रावत के बंगले की ओर बढ़ गया। बंगले पर मौजूद कर्मचारियों ने तेंदुए को देखते ही तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सिविल लाइंस क्षेत्र में राजभवन, मुख्यमंत्री निवास और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों व अधिकारियों के आवास स्थित हैं। सुरेश रावत का बंगला भी कांग्रेस नेता सचिन पायलट के घर के ठीक सामने है, जिसके कारण सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
वन विभाग के रेंजर जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए आसपास के घरों और बंगलों की तलाशी ली जा रही है। टीम तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित पकड़ने की कोशिश कर रही है। इलाके में अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं।
लोगों से घर में रहने की अपील
अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि रेस्क्यू पूरा होने तक घर से बाहर न निकलें। वीवीआईपी क्षेत्र में तेंदुआ घुसने की खबर के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है।