मुंबई | घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझान और विदेशी निवेश के मजबूत प्रवाह ने सेंसेक्स और निफ्टी को 52 हफ्तों के नए उच्च स्तर पर पहुंचा दिया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 284 अंक की छलांग लगाते हुए 85,470 अंक पर पहुंच गया, जो इसका 52 सप्ताह का रिकॉर्ड स्तर है। वहीं, एनएसई निफ्टी 83 अंकों की बढ़त के साथ 26,136 अंक तक पहुंच गया, जो इसका भी 52 सप्ताह का उच्च स्तर है।
खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 246 अंक चढ़कर 85,432 पर और निफ्टी 87 अंकों की मजबूती के साथ 26,140 पर कारोबार कर रहा था।
इन शेयरों में दिखी मजबूती
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स पीवी, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और पावर ग्रिड के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।वहीं एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति सुजुकी के शेयर दबाव में रहे।
वैश्विक बाजारों में भी सकारात्मक माहौल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे।अमेरिकी बाजार भी बुधवार को सकारात्मक रुझान के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.27% की बढ़त के साथ 63.68 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
एफआईआई-डीआईआई का रुख
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक—
- एफआईआई ने बुधवार को 1,580.72 करोड़ रुपये की लिवाली की।
- डीआईआई ने भी 1,360.27 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।