Nurpur, Sanjeev-:ज्वाली विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत हरनोटा के 33 वर्षीय एयरफोर्स सार्जेंट संजीव कुमार ड्यूटी के दौरान दुखद हादसे का शिकार होकर इस दुनिया को अलविदा कह गए। संजीव कुमार भारतीय वायुसेना में अपनी लगन, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। गरीबी से संघर्ष करते हुए उन्होंने वर्ष 2012 में एयरफोर्स में भर्ती होकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया था।
उनके अचानक निधन की खबर जैसे ही गांव पहुँची, माहौल शोक से भर गया। वायुसेना की फूलों से सजी गाड़ी में तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर जब हरनोटा गांव पहुंचा, तो चारों ओर चीख–पुकार और मातम छा गया। घर के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, हर कोई नम आंखों के साथ अपने वीर सपूत को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचा। माता-पिता, पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के ऊपर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हो।अमृतसर स्थित 1 एफबीएसयू यूनिट में तैनात संजीव बीते दिन ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने क्वार्टर लौट रहे थे। यूनिट कैंपस के अंदर ही उनकी बाइक अचानक स्किड हो गई। हादसे के बाद साथियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटें लगने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।
संजीव अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और नौसेना में कार्यरत बड़े भाई को छोड़ गए हैं। दो साल पहले ही उनका विवाह हुआ था, और अब उनके असमय निधन ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। गांव के उपप्रधान रफीक मुहम्मद संजू ने बताया कि संजीव अत्यंत सरल, मिलनसार और जिम्मेदार स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि यूनिट के अंदर हुए इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है और परिवार इस दुख से उबर नहीं पा रहा।हरनोटा के इस लाल ने देश की सेवा के प्रति अपने समर्पण और निष्ठा से सभी का सम्मान अर्जित किया था। उनका यह बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।