चंडीगढ़ | हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि विभाग में ऑपरेशन सर्कल के साथ-साथ कर्मचारियों के पदों का तर्कसंगतिकरण किया जा रहा है, ताकि हर कर्मचारी को उसके पद के अनुरूप ही जिम्मेदारी दी जा सके। इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्री ने विशेष रूप से बेलदार और कैनाल गार्ड को विभाग की रीढ़ बताया और कहा कि उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग रंग की वर्दी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे फील्ड में कार्य प्रणाली और अधिक सुव्यवस्थित होगी।
श्रुति चौधरी ने यह बातें ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन, चरखीदादरी और कुरुक्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में साझा की। उन्होंने यूनियन द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्र और समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। इस संबंध में वे मुख्यमंत्री नायब सिंह से भी विस्तृत चर्चा करेंगी।
मंत्री ने यह भी गर्व व्यक्त किया कि हाल ही में जल संरक्षण में हरियाणा ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभाग के फील्ड कर्मचारियों की निष्ठा और परिश्रम का परिणाम है और उनके दादा स्वर्गीय चौधरी बंसी लाल द्वारा बनाए गए नहर नेटवर्क और उठान सिंचाई प्रणाली के सपनों को साकार कर रही है।
बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने कहा कि आज की बैठक के बाद लिए गए निर्णयों और दिशा-निर्देशों के लिए प्रशासनिक स्वीकृतियां शीघ्र ही वित्त और अन्य संबंधित विभागों से दिलवाई जाएंगी।
बैठक में विभाग के प्रमुख अभियंता राकेश चौहान, बीरेन्द्र सिंह, डॉ. सतबीर कादयान और यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। यूनियन ने मंत्री को कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान का आश्वासन देने के लिए धन्यवाद दिया।