Dharamshala, Rahul-:धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह प्रदेश की 14वीं विधानसभा का दसवां सत्र होगा। सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण के साथ प्रारंभ होगी। सत्र की शुरुआत में संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर भारत के संविधान की उद्देशिका का वाचन किया जाएगा। इसके बाद हाल ही में दिवंगत हुए पूर्व विधायक बाबू राम गौतम के निधन पर सदन में शोक प्रस्ताव रखा जाएगा।
शोक प्रस्ताव के बाद सदन में प्रश्नकाल और उसके उपरांत शून्यकाल निर्धारित है। माना जा रहा है कि आज का दिन सदन में बेहद गर्म रहने वाला है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है, वहीं सत्ता पक्ष विपक्ष के हमलों का मजबूती से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार बताया जा रहा है।आज के सत्र में नियम 62 के तहत दो महत्त्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाएंगे। बीजेपी विधायक विपिन सिंह परमार होली–उतराला सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग पर सदन का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं कांग्रेस विधायक राम कुमार प्रदेश में विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को मिलने वाले मृत्यु अनुदान के मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करेंगे।
इसके अलावा नियम 130 के तहत भी दो बड़े प्रस्ताव सदन के समक्ष आने वाले हैं। कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया और बीजेपी विधायक राकेश जम्वाल प्रदेश में बढ़ती आपदाओं और उनके प्रबंधन पर चर्चा का प्रस्ताव लाएंगे। वहीं बीजेपी विधायक त्रिलोक जम्वाल प्रदेश में बढ़ते आपराधिक मामलों और नशे के फैलते नेटवर्क पर विस्तृत चर्चा के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।कुल मिलाकर, शीतकालीन सत्र का पहला दिन राजनीति, आरोप-प्रत्यारोप और गंभीर मुद्दों पर बहस से भरपूर रहने की पूरी संभावना है।