अंबाला | अंबाला में युवती से छेड़छाड़ और उसके परिजनों से मारपीट करने वाले पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज की कड़ी नाराजगी के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न केवल गंजा किया बल्कि उन्हें बाजार में पैदल घुमाकर सार्वजनिक रूप से सबक भी दिया।
क्या है पूरा मामला?
26 नवंबर को अंबाला कैंट क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत दी थी कि वह रोजाना कंप्यूटर कोर्स के लिए राय मार्केट जाती है। इसी दौरान दीना की मंडी निवासी मुकुल उसका पीछा करता था और रास्ते में अभद्र व्यवहार करता था। शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन मुकुल ने सब्जी मंडी के पास लड़की से बदतमीजी की, विरोध करने पर उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज की और धमकाया।
जब युवती के माता-पिता मौके पर पहुंचे तो मुकुल ने अपने साथियों को बुलाकर युवती के भाई और माता-पिता के साथ मारपीट की। बाद में आरोपी युवक दर्जनभर साथियों के साथ अस्पताल पहुंचकर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पांच आरोपी गिरफ्तार, बाजार में निकाली परेड
कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकुल, लव, संदीप (हरि नगर निवासी), शुभम और राहुल (बंगाली मोहल्ला निवासी) को गिरफ्तार कर लिया। जनमानस में संदेश देने के लिए पुलिस ने पांचों आरोपियों का सिर मुंडवाकर उन्हें वारदात स्थल और आसपास के बाजारों में पैदल घुमाया। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते हुए दिखे और दोबारा अपराध न करने का वादा भी किया। बाद में सभी को अदालत में पेश किया गया।
मंत्री अनिल विज की कड़ी चेतावनी
मामला सामने आने के बाद मंत्री अनिल विज ने अंबाला कैंट थाना प्रभारी को तलब कर सख्त फटकार लगाई। विज ने कहा— “मैं अपने शहर में ऐसा माहौल बर्दाश्त नहीं करूंगा, जहां लड़कियां आने-जाने से डरें। पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी ही होगी।”