सोनीपत | सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मछलियों से भरा एक कैंटर अनियंत्रित होकर मुरथल फ्लाईओवर के पास पलट गया, जिसके बाद सड़क पर मछलियां बिखर गईं। घटना के तुरंत बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर मछलियों को एकत्रित करवाने के साथ कैंटर को सड़क से हटवाया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों की आवाजाही दोबारा सुचारू हो सकी।
कैंटर चालक अजय के मुताबिक, वह पानीपत से दिल्ली के सुल्तानपुरी मंडी मछलियों की खेप लेकर जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन पलट गया, जिससे मछलियों का पूरा माल सड़क पर फैल गया। चालक ने भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।