शिमला। विवादित संजौली मस्जिद मामले को लेकर हिंदू संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन के साथ प्रस्तावित बैठक का बहिष्कार कर दिया। समिति ने शुक्रवार को संजौली पुलिस थाना से लेकर संजौली चौक तक सरकार के खिलाफ शव यात्रा निकाली और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने संजौली थाने के बाहर सरकार का पुतला भी फूंक दिया।
हिंदू संघर्ष समिति के नेता विजय शर्मा और मदन ठाकुर ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार को एक व्यक्ति द्वारा जुमे की नमाज अता की गई। उन्होंने राज्य सरकार को मुस्लिम परस्त करार देते हुए हिंदुओं की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
समिति ने स्पष्ट किया कि प्रशासन पर भरोसा न होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए। विवाद अब हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में पहुंच चुका है। न्यायालय का सम्मान करते हुए समिति ने क्रमिक अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हिंदू संघर्ष समिति पूरे प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन कर सकती है।