पंजाब | पंजाबी सिंगर हसन मानक पर कानूनी शिकंजा और कस गया है। जांच के दौरान नए आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने अब उनके खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित धाराएं भी शामिल कर दी हैं। इसकी पुष्टि डीएसपी फगवाड़ा भारत भूषण ने की है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान दर्ज किए गए बयानों में दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे, जिसके आधार पर पुलिस ने केस में नई धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
गौरतलब है कि पुलिस ने हसन मानक को 14 नवंबर को गिरफ्तार किया था। अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इससे पहले, 30 मई 2025 को दर्ज शिकायत में एक एनआरआई महिला ने आरोप लगाया था कि गायक ने पहली पत्नी से तलाक लिए बिना दूसरी शादी कर ली। साथ ही उसने उसके निजी सामान और गहनों को बेचने का आरोप भी लगाया था। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच जारी रखे हुए है और नए आरोप जुड़ने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।