जालंधर | थाना-3 पुलिस ने फगवाड़ा गेट स्थित एक घर में चल रहे अवैध दड़ा-सट्टा अड्डे पर छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से दड़ा-सट्टे की पर्चियां और नकदी बरामद की है। आरोपी की पहचान हरजीत सिंह पुत्र हरदीप सिंह, निवासी रस्ता मोहल्ला, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना-3 प्रभारी राजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी पहले दुकान पर दड़ा-सट्टा चलाता था, लेकिन लगातार पुलिस की कार्रवाई के चलते उसने जगह बदल ली। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फगवाड़ा गेट में स्थित एक घर में अवैध सट्टेबाजी करा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घर पर छापा मारा और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 1200 रुपये नकद और दड़ा-सट्टे की पर्चियां जब्त की गईं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अड्डों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।