इस बार सीज़न की समय से पहले शुरुआत
Shimla, Sanju-:हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित ऐतिहासिक लक्कड़ बाजार आइस स्केटिंग रिंक में स्केटिंग प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। बुधवार सुबह प्राकृतिक बर्फ पर स्केटिंग का सफल ट्रायल आयोजित किया गया, जिसके बाद गुरुवार से नियमित सुबह के स्केटिंग सेशन शुरू करने की घोषणा कर दी गई है। मौसम के अनुकूल बने रहने के कारण इस वर्ष स्केटिंग गतिविधियाँ सामान्य समय से लगभग एक सप्ताह पहले शुरू हो रही हैं। क्लब से जुड़े सदस्यों का मानना है कि इस बार पूरे सीज़न में अधिक सेशन होने की उम्मीद है। पिछले वर्ष मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते मात्र करीब 35 सेशन ही हो पाए थे।
बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे स्केटिंग क्लब के सदस्य ट्रायल के लिए मैदान में पहुंचे और बर्फ की गुणवत्ता की जांच की। उनके साथ विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्राकृतिक बर्फ पर स्केटिंग का रोमांच महसूस किया। क्लब द्वारा सोमवार से बर्फ जमाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई थी और लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा था। सप्ताह भर की इस तैयारी का नतीजा आज सफल ट्रायल के रूप में सामने आया।शिमला आइस स्केटिंग क्लब के प्रधान मनप्रीत सिंह ने बताया कि बुधवार का ट्रायल काफी बेहतर रहा और बर्फ की गुणवत्ता से वे संतुष्ट हैं। गुरुवार से सुबह का नियमित सेशन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल केवल कुछ हिस्सों में ही बर्फ जमी है, लेकिन मौसम अनुकूल रहा तो एक सप्ताह के भीतर पूरा मैदान बर्फ से ढक जाएगा। इसके बाद शाम के सेशन भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार फीस में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
इतिहास की बात करें तो शिमला का यह प्राकृतिक आइस स्केटिंग रिंक वर्ष 1920 में स्थापित किया गया था। एशिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक आइस स्केटिंग रिंक होने के कारण यह हर साल सैकड़ों पर्यटकों और खिलाड़ियों को आकर्षित करता है। मनप्रीत सिंह ने उम्मीद जताई कि यदि मौसम ने साथ दिया तो दिसंबर के अंत में पारंपरिक कार्निवल और जिमखाना समारोह भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।