भिवानी I ढाणी लक्ष्मण की शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध मौत की जांच में जुटी सीबीआई की टीम बुधवार को भिवानी रेस्ट हाउस से वापस दिल्ली लौट गई।
इधर, मृतका के पिता संजय ने बताया कि ग्रामीण कमेटी के साथ हुई बातचीत में शुक्रवार की प्रस्तावित बैठक को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। कमेटी और परिवार ने तय किया है कि आगे किसी भी कदम से पहले सीबीआई को अल्टीमेटम दिया जाएगा। उसी आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
संजय के अनुसार, उनकी फोन पर सीबीआई अधिकारियों से बात हुई है। एजेंसी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जांच की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द खुलासा किए जाने की संभावना है।
दो एफएसएल रिपोर्टों का इंतजार, जांच पर असर
सीबीआई अधिकारियों ने संजय को बताया कि एफएसएल की दो महत्वपूर्ण रिपोर्टें अब तक लंबित हैं। टीम दिल्ली इन्हीं रिपोर्टों को प्राप्त करने के लिए लौटी है।
गौरतलब है कि सीबीआई अब तक मामले से जुड़े सभी अहम गवाहों से कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा घटनास्थल का भी करीब आठ से दस बार निरीक्षण किया जा चुका है।
जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद सीबीआई अपनी जांच को अंतिम रूप दे सकती है।