पंजाब | पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने मार्च 2026 में आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में बोर्ड ने राज्यभर के सभी स्कूलों की लॉगइन आईडी पर परीक्षा केंद्रों, संबंधित बैंकों और उत्तर पुस्तिकाएं जमा करवाने वाले कलेक्शन सेंटर्स की विस्तृत जानकारी अपलोड कर दी है।
सेंटर कंट्रोलर होंगे स्कूल प्रमुख
बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिन स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहां के प्रिंसीपल ही सेंटर कंट्रोलर की जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा से लेकर उत्तर पुस्तिकाएं निर्धारित कलेक्शन सेंटर्स तक जमा करवाने तक की पूरी प्रक्रिया की निगरानी उन्हीं के जिम्मे होगी।
यदि किसी स्कूल प्रमुख को परीक्षा केंद्र आवंटन को लेकर कोई आपत्ति या समस्या है, तो वे 10 दिसंबर तक जिला शिक्षा अधिकारी (सैकेंडरी) को आवेदन भेज सकते हैं। डीईओ द्वारा तीन वैकल्पिक स्कूलों के विकल्प दर्ज होने और मंजूरी मिलने के बाद ही मुख्य कार्यालय इस पर अंतिम निर्णय लेगा।
संपर्क व्यवस्था को लेकर बोर्ड सख्त
पिछले वर्षों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इस बार संपर्क व्यवस्था को लेकर विशेष सख्ती दिखाई है।
अक्सर यह देखा गया कि बोर्ड के रिकॉर्ड में दर्ज पुराने फोन नंबरों या प्रिंसिपलों द्वारा कॉल न उठाने के कारण परीक्षा अवधि में आपात स्थिति में काफी परेशानी होती थी।
इसे सुधारने के लिए बोर्ड ने निर्देश दिया है कि स्कूल अपनी लॉगइन आईडी के प्रोफाइल सेक्शन में—
- कॉलम-1: प्रिंसिपल का मोबाइल नंबर
- कॉलम-2: सबसे वरिष्ठ लेक्चरर/मास्टर का मोबाइल नंबर
अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
10 दिसंबर है अंतिम तारीख
बोर्ड का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरुरत पड़ने पर तुरंत संबंधित अधिकारी से संपर्क हो सके। सभी स्कूल प्रमुखों को 10 दिसंबर तक सभी अपडेट और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के लिए कहा गया है, ताकि मार्च-2026 की परीक्षाएं बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हो सकें।