Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनाल में उस समय खुशी का माहौल छा गया जब 15 वर्ष पहले लापता हुए जवान बलदेव घर लौट आए। उनके आगमन पर ग्रामीणों और परिवारजनों ने ढोल–नगाड़ों की थाप पर जोरदार स्वागत किया। घर पहुंचते ही बलदेव की आरती उतारी गई और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका गृह प्रवेश करवाया गया।
बलदेव वर्ष 2010 में अपने भाई की शादी में शामिल होने के बाद घर से दिल्ली और फिर वहां से गुवाहटी–अगरतला में अपनी ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसके बाद से ही वे लापता थे और परिवार लगातार उनकी तलाश में था। लंबे समय तक कोई सुराग न मिलने के कारण उनके मिलने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी।परंतु इसी दौरान सोशल मीडिया उनके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया। कुछ दिन पहले राजस्थान के बीकानेर जिले के एक परिवार ने सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति की तस्वीर साझा की, जिसे बलदेव के परिजनों ने पहचान लिया। इसके बाद परिवार के सदस्य राजस्थान पहुंचे और वहां बलदेव को सकुशल पाकर उन्हें अपने साथ घर लेकर लौट आए। परिवार ने उस राजस्थानी परिवार का आभार व्यक्त किया, जिसने इतने वर्षों तक बलदेव को अपने संरक्षण में रखा।
घर लौटते ही रिश्तेदारों, मित्रों और गांववासियों का तांता लग गया। सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत, पंचायत प्रधान कांता देवी और राजपूत महासभा के जिला महासचिव जोगेंद्र ठाकुर सहित कई गणमान्य लोगों ने बलदेव से मुलाकात की और घर वापसी की खुशी में उनका मुंह मीठा करवाया।बलदेव को सालों बाद सकुशल देखकर पूरा गांव भावुक हो उठा और खुशी से झूम उठा।