नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस के हालिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोर देकर कहा है कि नियम और कानून बनाते समय उद्देश्य सिर्फ प्रशासनिक सिस्टम को मजबूत करना होना चाहिए, न कि आम जनता को कठिनाई में डालना।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एनडीए सांसदों की बैठक में पीएम के बयान का हवाला देते हुए बताया कि पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी नीति या नियम का असर सीधे आम नागरिकों पर पड़ता है, इसलिए उसमें संवेदनशीलता बेहद जरूरी है।
पीएम की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब इंडिगो की कई उड़ानों में तकनीकी खराबी और देरी की खबरें सुर्खियों में हैं। यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ रहा है और कुछ उड़ानें रद्द भी हो रही हैं।
रिजिजू ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इंडिगो के मौजूदा संकट के दौरान यात्रियों की परेशानियों को कम करने के लिए तुरंत कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि सरकार की प्राथमिकता यात्रियों की सुविधा और संतोष सुनिश्चित करना है।