Kangra, Sanjeev Mahajan-:नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज़ स्थित मिझग्रां गांव के लोगों के लिए वह दिन ऐतिहासिक साबित हुआ जब उनके गांव तक पहली बार पक्की सड़क पहुंची। वर्षों से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों के चेहरों पर अब खुशी झलक रही है। सड़क के उद्घाटन के मौके पर महिलाओं और बुजुर्गों ने सड़क पर खड़े होकर जश्न मनाया और गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण से गांव अब मुख्यधारा से जुड़ गया है। ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का का दिल से धन्यवाद किया। गांव की महिलाओं ने कहा कि यह सड़क उनके जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ विकास की नई राह खोलेगी।गांव के उप प्रधान सुदर्शन सिंह ने बताया कि विधायक निक्का ने चुनाव के दौरान मिझग्रां गांव तक पैदल पहुंचकर यह वादा किया था कि जीतने के बाद सबसे पहले इस गांव में सड़क बनेगी। लगभग तीन साल बाद यह वादा पूरा हो गया है। साथ ही गांव के अन्य घरों तक पहुंचने के लिए एक छोटा रास्ता भी बनाया गया है, जिससे लोगों को और सुविधा मिलेगी।
सिर्फ सड़क ही नहीं, बल्कि गांव की पानी की समस्या का भी समाधान किया गया है। पेयजल पाइपलाइन की ब्लॉकिंग की वजह से महीनों से पानी की समस्या बनी हुई थी, जिसे नई पाइपलाइन बिछाकर ठीक कर दिया गया है। साथ ही गांव में ट्यूबवेल का काम भी तेजी से जारी है।मिझग्रां गांव की यह सड़क सिर्फ विकास नहीं, बल्कि भरोसे और वादे की मिसाल बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के साथ उनके गांव में विकास का एक नया अध्याय शुरू हो चुका है और अब यहां रोजगार और पर्यटन की नई संभावनाएं भी खुलेंगी।