Mandi, Dharamveer-:प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर 11 दिसंबर को मंडी में आयोजित होने वाले जन संकल्प सम्मेलन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के चार हजार पंजीकृत श्रमिकों को 15 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित करेंगे। यह जानकारी हिमाचल भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन नरदेव सिंह कंवर ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
कंवर ने बताया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार श्रमिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। अब तक बोर्ड के माध्यम से 63 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विभिन्न कल्याण योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए चलाई जा रही 14 योजनाओं में से आठ योजनाओं के तहत आवेदन करने वाले पात्र श्रमिकों को इस बार की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।इसके अलावा प्रदेश की 19 एकल, विधवा और दिव्यांग महिलाओं को भी एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। कंवर ने बताया कि श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और अब तक 9 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की राशि इस दिशा में खर्च की जा चुकी है।उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदेशभर में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 11 जिलों की 41 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा चुका है।
कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की सोच है कि सरकार की हर योजना का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से जन-जागरूकता और लाभ वितरण के इन कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।