रेवाड़ी | नैनसुखपुरा गांव में बीती रात जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। करीब 15 लोगों ने महेश के घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया। इस हमले में महेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, हमले में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। इस जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है और मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर देर से पहुँची, जिससे लोगों में रोष बढ़ गया।
हमलावरों ने महेश पर पत्थर फेंके, जिससे उनकी छाती पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल तीनों परिवारजन वर्तमान में अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महेश का पोस्टमार्टम आज कराया जाएगा, और पुलिस आरोपी हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।