हिसार | हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। प्रदेश में ठंड के तेवर तेज होने लगे हैं और दिन–रात के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान से सटे हरियाणा के छह जिलों : सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और नारनौल—में मौसम विभाग पहले ही शीतलहर का येलो अलर्ट जारी कर चुका है।
बुधवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री बढ़ा, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। इससे सुबह और रात के समय ठंड और ज्यादा महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 12 दिसंबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से हरियाणा के अधिकांश जिलों में ठंड बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। चंडीगढ़ के समीप स्थित पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में गहरी धुंध की स्थिति बनने की संभावना है। अनुमान है कि इसके बाद अन्य जिलों में भी धुंध का स्तर बढ़ जाएगा।
इस बीच कई शहरों में तापमान लगातार गिर रहा है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। महेंद्रगढ़ में 5.8 डिग्री, सोनीपत में 5.9 डिग्री, हिसार में 6.3 डिग्री और सिरसा में 6.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम है।