अमृतसर I पंजाब में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना सहित 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों तक इन जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा बना रह सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में अगले छह दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वीरवार को आदमपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फरीदकोट में पारा 4.9 डिग्री रहा। लुधियाना और पटियाला में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया। अधिकतम तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई, जिसमें फरीदकोट का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान की स्थिति प्रमुख शहरों में:
- अमृतसर: न्यूनतम 6.7, अधिकतम 22.1
- लुधियाना: न्यूनतम 6.4, अधिकतम 24.1
- पटियाला: न्यूनतम 7.4, अधिकतम 24.3
- पठानकोट: न्यूनतम 6.9, अधिकतम 23.2
- होशियारपुर: न्यूनतम 5.9, अधिकतम 23.2
- फिरोजपुर: न्यूनतम 9.1, अधिकतम 24.0
धान की कटाई पूरी हो चुकी है और पराली जलाने के मामले बंद हो चुके हैं, लेकिन पंजाब के छह शहर अभी भी येलो जोन में हैं। वीरवार को अमृतसर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 152 दर्ज किया गया, जालंधर 137, खन्ना 126, लुधियाना 112, मंडी गोबिंदगढ़ 158 और पटियाला 141। बठिंडा का AQI सबसे कम 92 है, जबकि चंडीगढ़ का AQI 176 दर्ज किया गया।
हर साल पराली जलाने के मुद्दे को लेकर राजनीतिक बहस तेज होती है। दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराया जाता है, जबकि पंजाब सरकार ने इसे खारिज किया है। केंद्र सरकार ने पंजाब के 9 शहरों को हॉटस्पॉट सूची में शामिल किया है, जिनमें डेराबस्सी, गोबिंदगढ़, जालंधर, खन्ना, लुधियाना, नया नंगल, पठानकोट, पटियाला और अमृतसर शामिल हैं। ये शहर पिछले 5 वर्षों में लगातार PM-10 के राष्ट्रीय मानकों को पूरा नहीं कर पाए हैं।