नई दिल्ली | सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। घरेलू वायदा बाजार MCX में सोना 193 रुपए सस्ता होकर 0.15% की गिरावट के साथ 1,32,276 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 1,305 रुपए टूटकर 1,97,637 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जिसमें 0.66% की गिरावट देखने को मिली। आज के ट्रेडिंग सत्र में सोने ने 1,32,776 रुपए और चांदी ने 1,98,444 रुपए का उच्च स्तर छुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी के दाम नरम रुख के साथ नीचे आए।
सर्राफा बाजार में चांदी ने बनाया नया रिकॉर्ड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। चांदी 2,400 रुपए बढ़कर 1,94,400 रुपए प्रति किलोग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गई। वहीं 99.9% शुद्धता वाला सोना भी 90 रुपए की वृद्धि के साथ 2,10,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार रुपये में कमजोरी, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती और मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी आई है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, बुधवार को भी चांदी 11,500 रुपए उछलकर 1,92,000 रुपए प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। इस वर्ष जनवरी से अब तक चांदी 1,04,700 रुपए, यानी 116.72% की बढ़त दर्ज कर चुकी है। पिछले वर्ष 31 दिसंबर 2024 को चांदी 89,700 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर थी।
विशेषज्ञों की राय—सोने से ज्यादा चमकी चांदी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की मजबूत मांग तथा कम आपूर्ति की वजह से कीमतों में तेज उछाल देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया—
- बाजार में चांदी की सप्लाई कम है
- चीन से भारी मांग बढ़ी है
- औद्योगिक सेक्टर में खपत तेज हुई है
इन्हीं कारणों के चलते इस साल चांदी ने कमाई के मामले में सोने को पीछे छोड़ दिया है। परमार ने अनुमान जताया कि आने वाले दिनों में घरेलू बाजार में चांदी का भाव 2,10,000 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों का हाल
वैश्विक बाजार में सोना 15.55 डॉलर टूटकर 4,213.12 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
वहीं चांदी लगातार तीसरे सत्र में तेजी के साथ 1.06 डॉलर चढ़कर 62.88 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। पिछले वर्ष की तुलना में चांदी में अब तक 117.06% की बढ़त दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2024 को इसकी कीमत 28.97 डॉलर प्रति औंस थी।