नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चिंतूरू–भद्राचलम घाट रोड पर गुरुवार सुबह एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
ASR जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों को भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम और राहतकर्मी मौके पर पहुंच गए। बस दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
सीएम नायडू ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अल्लूरी सीताराम राजू इलाके में यात्रियों को ले जा रही एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
अरुणाचल प्रदेश में भी बड़ा हादसा
इससे पहले, अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में हुए एक अन्य हादसे में असम के तिनसुकिया जिले के कम से कम 21 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, 22 लोग एक मिनी ट्रक में यात्रा कर रहे थे, जो हयुलियांग–चगलागाम रोड पर एक गहरी खाई में गिर गया। पुलिस और प्रशासनिक टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं।