फाजिल्का । फाजिल्का के महाराजा अग्रसेन चौक के समीप सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान ऑटो में सवार बच्चे डर के मारे चीखने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एक निजी स्कूल के करीब 8 से 9 बच्चे रोज की तरह ऑटो में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। रास्ते में अचानक ऑटो के सामने एक साइकिल सवार लड़की आ गई। उसे टक्कर से बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने तेज मोड़ काटा, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और ऑटो में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दुर्घटना में दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि ऑटो चालक और अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल नहीं हुए।
घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी मौके और अस्पताल पहुंचे, जहां अपने बच्चों को देखकर वे काफी घबराए और भावुक नजर आए। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसकी फुटेज पुलिस द्वारा खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल समय के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। वहीं, प्रशासन ने भी वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने और क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने की अपील की है।