Dharamshala, Rahul-:विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। जिला मुख्यालय धर्मशाला के दाड़ी स्थित आईटीआई परिसर में मंगलवार को विशेष कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक डेवेलपमेंट कॉरपोरेशन (एचपीएसईडीसी) और श्रम एवं रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू में विदेशों में नौकरी के इच्छुक युवाओं को सीधे चयन का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जो युवाओं का मार्गदर्शन भी करेंगे।उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के तहत डिलीवरी बॉय के पदों के लिए वैकेंसी आई है, जिनके लिए 70 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा दसवीं पास ऐसे युवा, जिनके पास वैध पासपोर्ट है, उनके लिए वेयरहाउस से जुड़े पदों पर भी इंटरव्यू लिया जाएगा।
अक्षय कुमार ने कहा कि बीते समय में कई युवा विदेश में नौकरी के सपने के चलते धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि युवाओं को सुरक्षित और प्रमाणिक माध्यम से विदेश में रोजगार मिल सके। सरकार का उद्देश्य है कि जो भी युवा विदेश जाए, वह सुरक्षित वातावरण में कार्य करे और समय पर सुरक्षित लौट सके।यह कैंपस इंटरव्यू न केवल रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि युवाओं में भरोसा भी पैदा करेगा कि सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर है। सभी पात्र और इच्छुक युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर आईटीआई दाड़ी पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।