कुरुक्षेत्र | मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा पहले से ही देश और दुनिया में मजबूत किसान और धाकड़ पहलवानों की धरती के रूप में जाना जाता है। आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी इस पहचान को और मजबूत करेंगे और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में सबसे अधिक पदक जीतकर भारत को खेल महाशक्ति बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव-2025 के समापन समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2036 ओलंपिक को लेकर देश को वैश्विक खेल मंच पर शीर्ष पर पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है, जिसमें हरियाणा के खिलाड़ियों की भूमिका निर्णायक होगी।
समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए। इस दौरान शूटर गुरजोत सिंह और पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी दिलबाग सिंह (हिसार) को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने सांसद खेल महोत्सव-2025 की स्मारिका का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि इस वर्ष सांसद खेल महोत्सव में रिकॉर्ड 1 लाख 10 हजार खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरे वर्ष का खेल कैलेंडर तैयार किया जाता है, जिसके अंतर्गत खेल महाकुंभ, अखाड़ा दंगल, मुक्केबाजी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी, बास्केटबॉल और हैंडबॉल जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा को “खेलों की नर्सरी” कहा जाता है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में देश का तिरंगा ऊंचा किया है। वर्तमान में प्रदेश में 1472 खेल नर्सरियां संचालित हैं, जहां 37,225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 रुपये और 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम-2021 के तहत अब तक 231 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। प्रदेश सरकार ने अब तक 16,418 खिलाड़ियों को 683 करोड़ 15 लाख रुपये के नकद पुरस्कार, 24 हजार से अधिक छात्रों को 70 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और 15,634 खिलाड़ियों को खेल उपकरण उपलब्ध कराए हैं।
वहीं सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव-2025 का यह समापन नहीं, बल्कि कुरुक्षेत्र में खेलों के नए युग की शुरुआत है। उनका लक्ष्य है कि हर गांव में खेल सामग्री और प्रशिक्षक उपलब्ध हों। अगले एक वर्ष में खेल स्टेडियम और दो वर्षों के भीतर हर गांव में जिम के उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।