कैथल। हरियाणा के कैथल जिले के चुहड़ माजरा गांव का नाम अब बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान गांव का नया नाम ब्रह्मानंद माजरा घोषित किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम पंचायत समिति द्वारा गांव का नाम बदलने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति दे दी गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुहड़ माजरा गांव जगद्गुरु ब्रह्मानंद की जन्मस्थली है और उनके सम्मान व स्मृति में गांव का नाम ब्रह्मानंद माजरा रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब से गांव को इसी नए नाम से जाना जाएगा और सभी सरकारी अभिलेखों में भी आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ब्रह्मानंद माजरा के विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। साथ ही गांव में गुरु ब्रह्मानंद के नाम से एक पुस्तकालय स्थापित करने का ऐलान किया गया।
मुख्यमंत्री ने गांव के मुख्य प्रवेश द्वार को गुरु ब्रह्मानंद के नाम पर विकसित करने के लिए 21 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की। इसके अलावा अहैर-कुरान इसराना चौक का नाम गुरु ब्रह्मानंद के नाम पर रखने और इसके सौंदर्यीकरण व विकास के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
ढांड-पूंडरी सड़क मार्ग का नामकरण भी गुरु ब्रह्मानंद के नाम से किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि गुरुग्राम में गुरु ब्रह्मानंद जी के नाम से एक कोचिंग सेंटर खोला जाएगा, जिसके लिए नियमानुसार प्लॉट उपलब्ध कराया जाएगा।