कुरुक्षेत्र।राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब संगत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान जिला जींद के गांव जयपुर निवासी 36 वर्षीय किसान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जींद जिले के जयपुर और आसपास के गांवों से करीब 14 से अधिक श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर पंजाब के सरहिंद स्थित फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में तीन दिन की सेवा के लिए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब ट्रैक्टर-ट्राली राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी से पिहोवा की ओर उतर रही थी, तभी पीछे से आए ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्राली के पिछले हिस्से में बैठे श्रद्धालु सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक का टायर गुरप्रीत सिंह के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में काबुल सिंह उर्फ पग्गा, काबुल सिंह, आज्ञापाल सिंह, अगमजोत सिंह और कुलदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए पिहोवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गुरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को कुरुक्षेत्र स्थित लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना सदर पिहोवा पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।