गुरदासपुर | गुरदासपुर शहर में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जेल रोड स्थित पुड्डा मार्केट में एक इमीग्रेशन कार्यालय को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। दो अज्ञात नकाबपोश युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे, पिस्तौल से फायर किया और तुरंत फरार हो गए। गनीमत रही कि इस वारदात में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी इन्वेस्टिगेशन डी.के. चौधरी, डीएसपी मोहन सिंह, सिटी थाना प्रभारी दविंदर प्रकाश और सीआईए स्टाफ के इंचार्ज गुरमीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकाबपोश युवक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अजोसी हब इमीग्रेशन कार्यालय के बाहर रुके और एक फायर कर फरार हो गए। घटना के समय कार्यालय के मालिक हरमनजीत सिंह कंग मौजूद नहीं थे। कर्मचारियों के अनुसार गोली दीवार पर टंगी घड़ी में जा लगी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
एसपी डिटेक्टिव डी.के. चौधरी ने बताया कि मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस फायरिंग के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जिस कारण आसपास की कई दुकानें एहतियातन बंद कर दी गईं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।