यमुनानगर। फ्लावर वैली में तैनात सिक्योरिटी गार्ड अनिल (42) की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अनिल के ही सहकर्मी रवि ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। तीनों आरोपियों ने 23 दिसंबर की रात अनिल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को बाइक पर लादकर नदी में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, 25 दिसंबर को सुढैल गांव के पास राक्षी नदी के पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान महमूदपुर निवासी अनिल के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा की टीमों ने तुरंत जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईए-1 और सीआईए-2 की संयुक्त कार्रवाई में शव मिलने के महज तीन घंटे के भीतर मुख्य आरोपी रवि और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद हत्या की पूरी साजिश सामने आ गई।
एएसपी ने बताया कि जांच के लिए सीआईए-1 प्रभारी राजकुमार और सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सबूतों की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।