खाजाखेड़ा |शहर के खाजाखेड़ा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पुराने मकान और प्लॉट में संचालित पेठा फैक्ट्री का बॉयलर अचानक फट गया। करीब तीन बजे हुए इस जोरदार धमाके से कच्चे मकान की छत पूरी तरह ढह गई। छत का मलबा पड़ोस के घर तक जा गिरा, जिसकी चपेट में आकर वहां बैठी एक महिला घायल हो गई।
घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद भी मौके पर पहुंचे और रिहायशी इलाके में इस तरह की फैक्ट्री संचालित होने पर नाराजगी जताई। लोगों ने भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका जताते हुए फैक्ट्री को बंद कराने की मांग की।
इधर, सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री मालिक सुधीर कुमार मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के निवासी हैं, जो पिछले करीब आठ साल से खाजाखेड़ा क्षेत्र में पेठा फैक्ट्री चला रहे थे। घटना के समय वह अपने दो कर्मचारियों के साथ फैक्ट्री में मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बॉयलर में अत्यधिक भाप बनने के कारण अचानक विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की छत पूरी तरह टूट गई, हालांकि कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस सुरक्षा मानकों और फैक्ट्री संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।