सिलाखेड़ा | मंगलवार दोपहर बाद सिलाखेड़ा रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नीले रंग के सूटकेस में युवती का शव मिलने की सूचना सामने आई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने संदिग्ध सूटकेस देखकर तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही डीएसपी वीरभान, सीआईए की टीमें और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
करीब 30 वर्ष की बताई जा रही मृतका
शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार युवती की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद किया गया और बाद में उसे ड्रेन में फेंक दिया गया।
कई दिन पुराना बताया जा रहा शव
पुलिस का कहना है कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका है और कुछ अंग सड़ने की स्थिति में हैं। अभी तक मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।