जालंधर | जालंधर से एक दुखद खबर सामने आई है। रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए) के अधिकारी रविंदर सिंह गिल का निधन हो गया है। उनका शव जालंधर हाईट्स स्थित उनके फ्लैट के बाथरूम से बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक रविंदर सिंह गिल अपने जालंधर हाईट्स स्थित फ्लैट में अकेले रह रहे थे। जब काफी समय तक वह बाहर नहीं आए, तो उनके गनमैन ने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर गनमैन बाथरूम तक पहुंचा, जहां रविंदर सिंह गिल अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच शुरू की। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।