पंचकूला | नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पंचकूला पुलिस ने नए साल की शुरुआत बड़ी कार्रवाई से की है। पुलिस ने 296 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक आई-20 कार में सवार होकर सेक्टर-15 सब्जी मंडी क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई के लिए पहुंचा है। सूचना मिलते ही एसीपी क्राइम की अगुवाई में इंचार्ज दलीप सिंह की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 296.92 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से हरिद्वार का रहने वाला है और उसने मोहाली में ठिकाना बनाकर ट्राइसिटी में नशे की सप्लाई शुरू कर रखी थी।
2026 में ड्रग्स के खिलाफ नई रणनीति
एसीपी अरविंद कंबोज ने बताया कि वर्ष 2026 में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने नई रणनीति तैयार की है। खास तौर पर कूरियर के जरिए होने वाली ड्रग तस्करी पर पैनी नजर रखी जाएगी। पुलिस का लक्ष्य केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहकर ड्रग माफियाओं की जड़ तक पहुंचना है। इसके साथ ही उन्होंने नशा मुक्त समाज के लिए सामाजिक सहभागिता को भी बेहद जरूरी बताया।
पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ कर उसके नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।