चंडीगढ़ | कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज पूरे देश में सबसे असुरक्षित राज्यों में शामिल हो गया है, जहां आए दिन हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अलग-अलग आपराधिक गैंग सक्रिय हैं और आम लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सरकार नाम की कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आती।
राम रहीम को मिली पैरोल को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका विषय नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोर्ट का फैसला है और इस पर वे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
मनरेगा का नाम बदलने पर जताई आपत्ति
मनरेगा का नाम बदलने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि मुद्दा महात्मा गांधी के नाम का नहीं, बल्कि योजना की मूल भावना का है। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों, दलितों और मजदूर वर्ग के लिए बनाई गई थी, जिसमें राज्यों की अहम भूमिका थी, लेकिन अब इसे केंद्रीकृत करने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) का नाम बदलकर “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” कर दिया गया है। यह बदलाव दिसंबर 2025 में संसद से पारित ‘VB जी राम जी’ बिल 2025 के तहत किया गया, जिसके जरिए पुराने कानून को निरस्त कर नई योजना लागू की गई है।
नई योजना के तहत रोजगार गारंटी के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 कर दिया गया है, साथ ही फंडिंग पैटर्न और तकनीकी व्यवस्थाओं में भी बदलाव किए गए हैं।