अमृतसर | शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष तलाशी और चेकिंग अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर के लगभग सभी प्रमुख चौकों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर कड़ी नाकाबंदी कर दिन-रात वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करों, शरारती तत्वों और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना है। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जहां हर वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन रविंदरपाल संधू स्वयं फील्ड में उतरकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वे समय-समय पर नाकों का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों की तैनाती और चेकिंग प्रक्रिया का जायजा ले रहे हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपनी टीमों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल, होटल सहित अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष जांच अभियान चला रहे हैं। इस दौरान अन्य सुरक्षा एजेंसियों और स्निफर डॉग टीम की मदद भी ली जा रही है।
ग्रीन एवेन्यू और छेहर्टा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत इंडिया गेट चौक और ट्रिलियम मॉल के बाहर स्थायी नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अलग-अलग जोनों में गठित पुलिस टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
वहीं शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान भी जारी है। सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जा करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को हटाया जा रहा है, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके।
एडीसीपी अमनदीप कौर ने बताया कि चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों की जांच के साथ-साथ हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। ब्लैक फिल्म लगे वाहनों, ट्रिपल राइडिंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान काटे जा रहे हैं।
पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या वस्तु नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।