चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्री-बजट बैठक से पहले अपने सभी विधायकों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये की पहली किस्त जल्द ही जारी की जाए।
सरकार ने विधायकों से आग्रह किया है कि वे अपने क्षेत्रों में प्राथमिकता वाले विकास कार्यों की सूची विकास एवं पंचायत विभाग को जल्द सौंपें, ताकि आवश्यक कार्यवाही तुरंत शुरू की जा सके।
मुख्यमंत्री ने 2025-26 के बजट में यह प्रावधान किया था कि प्रत्येक विधायक को अपने पूरे पांच वर्षीय कार्यकाल के दौरान कुल पांच करोड़ रुपये अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मिलेंगे। यह पहली बार है जब विधायकों को इस प्रकार की विशेष राशि का प्रावधान किया गया है।
विधायकों को कुल राशि तीन किस्तों में दी जाएगी। पहली और दूसरी किस्त में डेढ़-डेढ़ करोड़, जबकि तीसरी किस्त में दो करोड़ रुपये जारी होंगे। इसमें यह शर्त भी रखी गई है कि अगली किस्त तभी जारी की जाएगी जब पिछली किस्त की कम से कम 70 प्रतिशत राशि का उपयोग किया जा चुका हो। यह ग्रांट विधायकों को मिलने वाली अन्य निधियों से अलग होगी।
इस मामले को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी उठाया गया था। कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने सदन में मांग की थी कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार विधायकों को पांच- पांच करोड़ की राशि जल्द धरातल पर उतारी जाए, क्योंकि पिछले नौ महीने में इस संबंध में कोई स्पष्ट आदेश नहीं जारी किया गया था।