पलवल। पलवल जिले के नेशनल हाईवे-19 पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ज़ोमैटो कंपनी में काम करने वाले युवक की मौत हो गई। हादसा होडल थाना क्षेत्र के बाबरी मोड़ फ्लाईओवर पर हुआ, जहां बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय सोहिल खान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज कस्बे के मियां बाजार का रहने वाला था। सोहिल गुरुग्राम में ज़ोमैटो कंपनी में काम करता था और देर रात बाइक से गुरुग्राम से अपने गांव फिरोजाबाद जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे जब सोहिल होडल के बाबरी मोड़ फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी तेज़ रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि सोहिल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही होडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
होडल थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के मामा के बेटे रिहान अली की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।