सोनीपत । सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल में पिछले 15 दिनों से कफ सिरप का स्टॉक खत्म होने से खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। ओपीडी में आने वाले मरीजों को मजबूरन निजी मेडिकल स्टोर्स से दवा खरीदनी पड़ रही है।
मरीजों के अनुसार सर्दियों के इस मौसम में हर दूसरे मरीज जुकाम और खांसी की समस्या से ग्रस्त है। प्रतिदिन करीब 350 मरीजों को कफ सिरप लिखा जा रहा है, लेकिन अस्पताल की फार्मेसी से दवा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को अतिरिक्त खर्च और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना ने कहा कि कफ सिरप खत्म होने की सूचना मिलते ही वेयरहाउस को नई डिमांड भेज दी गई है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता है कि मरीजों को कोई परेशानी न हो और उम्मीद है कि एक-दो दिनों में स्टॉक फिर से उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीण और शहर के मरीजों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि भविष्य में ऐसी दवाओं का स्टॉक समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि सर्दी और जुकाम के मौसम में लोगों को दवा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।