पंचकूला। पंचकूला को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सतपाल शर्मा द्वारा जारी आदेशों के तहत हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) एवं नगर निगम पंचकूला ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि शहर में कहीं भी अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे शीघ्र हटाया जाए।
बताया जा रहा है कि पंचकूला के प्रमुख क्षेत्रों सेक्टर-11, सेक्टर-9 और सेक्टर-7 में लंबे समय से सड़कों पर रेडी-फड़ी, ठेले तथा शोरूमों के बाहर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन अतिक्रमणों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त सतपाल शर्मा के निर्देश पर आज पंचकूला के सेक्टर-5 में कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए रेडी-फड़ी, ठेले तथा ढाबों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम और संबंधित विभागों की टीम मौके पर मौजूद रही और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों को चेतावनी भी दी गई।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।