कुरुक्षेत्र। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। कुरुक्षेत्र में कांग्रेस द्वारा दो राज्यों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर पर टिप्पणी करते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस अब एक “टूटी-फूटी पार्टी” बन चुकी है, जो अपने बिखरे हुए टुकड़ों को जोड़ने की असफल कोशिश कर रही है। उनके अनुसार कांग्रेस की नीतियां और नेतृत्व दोनों ही दिशाहीन हो चुके हैं, इसलिए पार्टी को बार-बार ऐसे आयोजनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
अनिल विज शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में महंत चिरंजी पुरी महाराज के 96वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस के साथ-साथ पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को भी कठघरे में खड़ा किया।
पंजाब के मौजूदा हालात पर बोलते हुए विज ने कहा कि वहां आम आदमी पार्टी की सरकार के कामकाज से ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो इंदिरा गांधी के दौर की इमरजेंसी फिर से लौट आई हो। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह इमरजेंसी के समय मीडिया की आवाज दबाई गई थी, वैसी ही स्थिति आज पंजाब में देखने को मिल रही है।
विज ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना नागरिकों और मीडिया का अधिकार है, लेकिन पंजाब में आलोचनात्मक आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून का सहारा लेकर डर और दबाव का माहौल बना रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।
ऊर्जा मंत्री ने दो टूक कहा कि कानून को अपना काम जरूर करना चाहिए, लेकिन उसका इस्तेमाल किसी को डराने, धमकाने या चुप कराने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए असहमति की आवाज का सम्मान जरूरी है और मीडिया की स्वतंत्रता से किसी भी हाल में समझौता नहीं किया जाना चाहिए।