कुरुक्षेत्र । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (कुवि) में आयोजित प्री-बजट बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, कारोबारियों, शिक्षा जगत और खेल क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ संवाद कर आगामी बजट को लेकर सुझाव आमंत्रित किए। विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस बैठक में विभिन्न वर्गों की राय दर्ज की गई, जिसे रिपोर्ट के रूप में संकलित कर बजट में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राज्य सरकार बजट को जनभागीदारी के साथ तैयार करना चाहती है, ताकि हर वर्ग की जरूरतों और अपेक्षाओं को नीति निर्माण में शामिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि युवाओं के रोजगार, शिक्षा की गुणवत्ता, व्यापारिक सुविधाओं और खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। प्री-बजट मंथन का उद्देश्य जमीनी स्तर की समस्याओं को समझकर व्यावहारिक समाधान निकालना है।
प्री-बजट बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने खुद हॉकी स्टिक थामकर मैदान में खेल का प्रदर्शन भी किया, जिसे देखकर वहां मौजूद कार्यकर्ता, छात्र और अधिकारी हैरान रह गए। मुख्यमंत्री का यह अंदाज कार्यक्रम में खास आकर्षण का केंद्र बना।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल ढांचे का निर्माण कर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि नया हॉकी एस्ट्रोटर्फ युवा खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण और प्रदर्शन का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।