मुंबई | वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच गुरुवार (22 जनवरी) को भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुले। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय देशों पर प्रस्तावित टैरिफ को फिलहाल टालने के ऐलान से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेशकों की चिंता कम हुई है। इसका सीधा असर घरेलू शेयर बाजार पर देखने को मिला, जहां बैंकिंग और वित्तीय शेयरों की मजबूती ने बाजार को अतिरिक्त समर्थन दिया।
ग्रीनलैंड और आर्कटिक क्षेत्र को लेकर जारी विवाद पर ट्रंप ने स्पष्ट किया कि 1 फरवरी से यूरोपीय देशों पर किसी भी तरह का नया आयात शुल्क लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नाटो के साथ संभावित भविष्य के समझौते को लेकर एक प्रारंभिक ढांचा तैयार कर लिया गया है। इससे पहले दावोस में ट्रंप ने यह संकेत दिया था कि अमेरिका ग्रीनलैंड को लेकर सैन्य कार्रवाई के रास्ते पर नहीं जाएगा, हालांकि उन्होंने कूटनीतिक दबाव बनाए रखने की बात जरूर कही थी। इन बयानों से वैश्विक बाजारों में फैला डर काफी हद तक कम हो गया।
घरेलू बाजार की बात करें तो 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स मजबूती के साथ 82,459 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में तेजी जारी रही और सुबह 9:22 बजे सेंसेक्स 588 अंक या 0.72 फीसदी की बढ़त के साथ 82,497.78 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 भी सकारात्मक रुख के साथ खुला। निफ्टी ने 25,344 के स्तर से दिन की शुरुआत की और सुबह 9:22 बजे यह 182.95 अंक या 0.73 फीसदी की तेजी के साथ 25,338 अंक पर ट्रेड कर रहा था।
वैश्विक स्तर पर भी राहत की लहर देखने को मिली। एशियाई बाजारों में जापान और दक्षिण कोरिया के प्रमुख सूचकांकों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। टेक्नोलॉजी शेयरों में खरीदारी से दक्षिण कोरियाई बाजार को खासा समर्थन मिला। वहीं, अमेरिकी बाजारों में भी रात के कारोबार के दौरान तेजी रही। व्यापारिक और भू-राजनीतिक तनाव घटने से वॉल स्ट्रीट पर एसएंडपी 500 और नैस्डैक दोनों सूचकांक एक फीसदी से अधिक की मजबूती के साथ बंद हुए।