अंबाला।अंबाला छावनी के सैन्य क्षेत्र में मॉल रोड स्थित जर्जर बंगला नंबर 101 से एक 15 वर्षीय किशोर को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को पुलिस, सेना की खुफिया एजेंसियों और सामाजिक संस्था वंदे मातरम् दल के संयुक्त प्रयास से की गई। बताया गया है कि किशोर मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बीते करीब एक वर्ष से इसी सुनसान बंगले में छिपकर रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, वंदे मातरम् दल की टीम सुबह करीब 11 बजे पुलिस की मौजूदगी में बंगले के भीतर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान एक कमरे की छत पर बनी सीमेंट की स्लैब के ऊपर किशोर छिपा हुआ मिला। टीम द्वारा आवाज देने पर वह नींद से जागा, जिसके बाद उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया। तलाशी में उसके पास से कोई भी संदिग्ध वस्तु या दस्तावेज बरामद नहीं हुए।
जांच के दौरान टीम को स्लैब के पास दीवारों पर 2 से 24 तक लिखे कुछ अंक दिखाई दिए। इसके अलावा मुख्य दरवाजे के पास दीवार पर कुछ मोबाइल नंबर भी लिखे मिले हैं। इन नंबरों को खुफिया एजेंसियों ने रिकॉर्ड कर लिया है और अब इनके जरिए मामले की गहन जांच की जा रही है।
वंदे मातरम् दल के सदस्य भरत ने बताया कि किशोर की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद करीब एक सप्ताह तक पूरे क्षेत्र की रेकी की गई थी। रेकी के दौरान सामने आया कि किशोर रोजाना रात करीब 9 बजे बंगले से निकलकर मॉल रोड और गोलचक्कर क्षेत्र में जाता था, जहां वह दुकानों और होटलों से भोजन मांगकर पेट भरता था। इसके बाद वह रात करीब एक बजे वापस बंगले में लौट आता था।
बीसी बाजार चौकी प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि किशोर को संरक्षण में ले लिया गया है और इस कार्रवाई में एसपी कार्यालय से आवश्यक सहयोग मिला। फिलहाल मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।