गुरुग्राम | गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान देश की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण की झलक देखने को मिली।
फुल ड्रेस रिहर्सल की शुरुआत स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सूर्य नमस्कार की आकर्षक प्रस्तुति से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों को योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। इसके बाद हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे स्टेडियम देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया।
रिहर्सल के दौरान उपायुक्त अजय कुमार ने भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, डीसीपी गौरव राजपुरोहित और एसडीएम परमजीत चहल भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने समारोह की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गणतंत्र दिवस समारोह में सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा के विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुशांतलोक के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष के समारोह में पुलिस अकादमी मधुबन की विशेष झलक भी देखने को मिलेगी, जो कार्यक्रम को और अधिक भव्य बनाएगी।
प्रशासन का कहना है कि गणतंत्र दिवस समारोह के माध्यम से देशभक्ति के साथ-साथ सामाजिक चेतना और महिला सशक्तिकरण का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।